Sunday, October 12, 2008

अमिताभ बच्चन की हालत 'स्थिर'



भारत में हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन की हालत स्थिर है और दवा काम कर रही है.लीलावती अस्पताल की तरफ़ से जारी बयान के मुताबिक़ 'अमिताभ बच्चन का कई प्रकार का टेस्ट किया जा रहा है, दवाइयाँ दी जा रहीं हैं और उनकी हातल बेहतर है.'उधर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने भी एक पैग़ाम के ज़रिए अमिताभ बच्चन की अच्छी सेहत की कामना की और राज्य के गवर्नर के हाथों उन्हें गुलदस्ता भिजवाया है.शनिवार को अमिताभ बच्चन को पेट दर्द की शिकायत के बाद पहले नानावती अस्पताल और फिर लीलावती अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था.ख़बरों के मुताबिक़ बच्चन इनसिज़नल हर्निया से ग्रसित हैं. डाक्टरों के अनुसार हर्निया की शिकायत शायद 2005 में हुए ऑपरेशन की वजह से हुई है.वर्ष 2005 में होने वाले ऑपरेशन से पहले अस्सी के दशक में अमिताभ बच्चन फ़िल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान ज़ख़्मी हुए थे.


अस्पताल में अभिषेक बच्चन
अभिषेक के मुताबिक़ अमिताभ को दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है

अस्पताल के एक प्रवक्ता के अनुसार 'ख़ून जाँच और सीटी स्कैन की रिपोर्ट इतवार को दोपहर के बाद मिल जाएगी और इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज किया जाना है.'शनिवार को अमिताभ बच्चन के बेटे और बॉलीवुड के स्टार अभिषेक बच्चन ने संवाददाताओं को बाताया था कि अमिताभ बच्चन पर इलाज का असर हो रहा है और डाक्टरों ने उन्हें कम से कम दो दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखने की राय दी है.समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार रात को पत्नी जया बच्चन अस्पताल में ही रुकी रहीं जबकि बेटा अभिषेक बच्चन, बहू ऐश्वर्या राय बच्चन, बेटी श्वेता और परिवारिक मित्र और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह रविवार तड़के अस्पताल से लौट गए हैं.

जन्मदिन पर बीमार:ग़ौरतलब है कि शनिवार को अमिताभ बच्चन का 66वां जन्मदिन था और जब उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक उन्हें बधाई देने के लिए खड़े थे तो उन्हें पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया.पहले उन्हें नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उनकी छाती और पेट का एक्स-रे हुआ. फ़िर नानावती अस्पताल से उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.दिसंबर 2005 में भी अमिताभ बच्चन को पेट में दर्द हुआ था. बाद में उनका सफल ऑपरेशन भी हुआ था.शुक्रवार तक अमिताभ बच्चन फ़िल्म 'तीन पत्ती' की शूटिंग कर रहे थे. शुक्रवार की रात को ही उन्होंने पेट दर्द की शिकायत की थी.लीलावती अस्पातल के बाहर उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ इतवार को भी जमा है और लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्पताल के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा.

चेचन्या में भूकंप, 13 मरे

ग्रोज्नी। रूस के चेचन्या क्षेत्र में शनिवार को आए भूकंप में 13 लोग मारे गए तथा हजारों लोगों को अस्थाई शिविरों में शरण लेनी पड़ी।चेचन्या के राष्ट्रपति रमजान कादिरोव ने कहा कि हमारे यहां रविवार को चुनाव हैं। यह चुनाव बिना किसी बाधा के संपन्न होने चाहिए क्योंकि यह चेचन्या के नागरिकों के लिए एक बड़ी घटना है।एक समाचार एजेंसी के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 आंकी गई। आपातकालीन मंत्रालय के अनुसार भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इसके साथ ही इसमें 105 के घायल होने की सूचना है, जिसमें से सात की हालत गंभीर बताई गई है।रूसी संवाद समिति ने कहा कि मरने वालों में एक सैनिक थाए जिसकी दीवार ढहने से मौत हुई। संवाद समिति के अनुसार किसी बड़ी क्षति की खबर नहीं है। इंटरफैक्स ने रूसी आपातकालीन मंत्रालय के हवाले से कहा है कि चेचन्या के तीन जिलों में करीब 52000 लोग बिजली से वंचित हो गए हैं। चेचेन्या के राष्ट्रपति रमजान कादिरोव ने कहा कि भूकंप के बाद उन्होंने लोगों की जरूरतों का पता लगाने के लिए विशेष आयोग के गठन का आदेश दिया है।रूस के आपातकालीन मामलों के मंत्री अख्मद डेजहेरीखोनोव ने बताया कि भूकंप के कारण चेचन्या के कई शहरों में मकानों को नुकसान पहुंचा है। भूकंप के कारण सबसे अधिक नुकसान चेचन्या की राजधानी ग्रोज्नी में हुआ है।

आंध्र में छह लोगों को जिंदा जलाया

आंध्र प्रदेश के हिंसाग्रस्त अदिलाबाद के वोट्टोली में रविवार को एक ही परिवार के दो बच्चों सहित छह व्यक्तियों को कथित तौर पर हाल की हिंसक घटनाओं के चलते जलाकर मार डाला गया।आंध्र प्रदेश सरकार ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की सिफारिश की है।प्रदेश के गृह मंत्री के जाना रेड्डी हिंसा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद घोषणा की कि देवी दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान भैंसा शहर में हुए सांप्रदायिक दंगों तथा एक ही परिवार के छह लोगों के मौत की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने का आदेश दिया गया है। मृतकों के घर को वतोली गांव में आज आग लगा दी गई।रेड्डी ने कहा कि हिंसाग्रस्त इलाके में सुरक्षा के कई प्रबंध किए गए हैं और अतिरिक्त बल को जिला मुख्यालय से बुलाया गया है। दिल्ली से आए त्वरित कार्यबल [आरएएफ] के जवान स्थानीय पुलिस के साथ गश्त कर रहे हैं।पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के साथ मशविरा के बाद सरकार सांप्रदायिक हिंसा के पीड़ितों के लिए उचित राहत पैकेज की घोषणा करेगी। हालांकि पुलिस ने बताया कि भैंसा शहर को छोड़कर निर्मल एवं आसिफाबाद इलाके में स्थिति नियंत्रण में है तथा यहां हिंसा की कोई ताजा घटना नहीं हुई है।मजलिस इत्तोहादुल मुसलीमीन [एमआईएम] के अध्यक्ष और सांसद असादुद्दीन ओवाइसी ने भैंसा झड़प और वातोली घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने पूरे मामले में एक हिंदू कट्टरपंथी समूह का हाथ होने का आरोप लगाया था।

Saturday, October 11, 2008

जन्‍मदिन पर बीमार पड़े बिग-बी

Amitabh Bacchan
सदी के महानायक बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्‍चन के जन्‍मदिन पर सुबह से ही उनके मुम्‍बई स्थित आवास के बाहर हर साल की तरह इस बार भी भारी भीड़ एकत्र हुई। यह भीड़ उनके प्रशंसकों की है, जो उन्‍हें जन्‍म दिन की बधाई देना चाहते थे, लेकिन जो प्रशंसक सुबह से उत्‍साहित थे, उनके चेहरे पर तब मायूसी छा गई, जब उन्‍हें यह खबर मिली की बिग-बी कर रात से बीमार हैं।सुबह उनके परिवार वालों ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि आज वो अपने पशंसकों से मिलने नहीं आ सकेंगे। जन्‍म दिन के ठीक एक दिन पहले रात में अमिताभ बच्‍चन की तबियत खराब हो गई। हालांकि अमिताभ के परिजनों ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि उन्‍हें क्‍या समस्‍या है।
सुबह करीब साढ़े ग्‍यारह बजे अमिताभ को एंबुलेंस से नानावटी अस्‍पताल ले जाया गया, जहां के चिकित्‍सकों ने प्राथमिक जांच और सीटी स्‍कैन करने के बाद मीडिया को यह जानकारी दी है कि घबराने की कोई बात नहीं है। फिलहाल अमिताभ ठीक हैं। इसके बाद उन्‍हें लीलावती अस्‍पताल ले जाया गया है।बिग बी को अस्‍पताल ले जाने वालों में उनकी पत्‍नी जया बच्‍चन, पुत्र अभिषेक बच्‍चन और बहु ऐश्‍वर्य साथ हैं। उनके परिवार के साथ इस समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय महासचि अमर सिंह भी अस्‍पताल पहुंच गये हैं।

Sunday, October 5, 2008

एक पत्रिका से खुलती साहित्य की खिड़की



हम एक ऐसे समय में रह रहे हैं जब फैलते बाजारों में नित-नए रंगीन और चमकीले उत्पाद आ आकर लोगों को लुभा रहे हैं और लोग इनके मोहपाश में बँधकर अपने को धन्य समझ रहे हों तब नेट इसके मोह जाल से कैसे बच सकता है। आज नेट पर भी कई रंगीन और तमाम तरह के उत्पाद हैं और ऑनलाइन इनकी खरीदी की जा सकती है। और अब तो किताबें भी इतनी रंगीन और इतने तरह की हैं कि वे किताबों के विरोध में आई लगती हैं। हमारे समय के एक महत्वपूर्ण कवि ने कहा कि बाजारों में घूमता हूँ निशब्द, डिब्बों में बंद हो रहा है पूरा देश, पूरा जीवन बिक्री के लिए, एक नई रंगीन किताब है जो मेरी कविता के, विरोध में आई है, जिसमें छपे सुंदर चेहरों को कोई कष्ट नहीं है। कहने की जरूरत नहीं कि नेट पर भी यही हाल है बल्कि ज्यादा बुरा हाल है कि वहाँ तमाम सुंदर चेहरे हैं जिन्हें कोई कष्ट नहीं है। बल्कि आनंद ही आनंद बल्कि सेक्स ही सेक्स है।
निश्चित ही ऐसे समय में जब इंटरनेट पर अश्लीलता अपने चरम पर हो, तब कोई पत्रिका और वह भी साहित्यिक पत्रिका निकाले, यह किसी भी आश्चर्य मिश्रित सुख से कम नहीं है। साहित्यकार योगेंद्र कृष्ण का एक ब्लॉग है शब्दसृजन। यह हिंदी की साहित्यिक-सांस्कृतिक विमर्श की एक पत्रिका है। यहाँ कविताएँ हैं, संस्मरण हैं, समीक्षाएँ हैं, विवाद हैं और विश्व साहित्य की सुंदर झलकियाँ भी हैं। इस पत्रिका को पढ़ना अपने समय से रूबरू होना है।
इसकी सबसे ताजा पोस्ट में चेखव के नाटक ‘द सी गल’ को लेकर एक अभिनेत्री के संस्मरण हैं जिसमें इस नाटक के पहले प्रदर्शन की नाकामयाबी और कालांतर में अन्य प्रदर्शन की कामयाबी का आत्मीय जिक्र है।
इस ब्लॉग पर आलोचक ओम निश्चल का एक कॉलम है हाल-फिलहाल। इसी तरह हिंदी में आई नई किताबों की सारगर्भित समीक्षाएँ हैं। इसकी ताजा कड़ी में कृष्ण बलदेव वेद की डायरी ‘शमअ हर रंग में’ की समीक्षा है। इस डायरी के कुछ अंश भी दिए गए हैं जिससे वेद साहब की कलम के कमाल की मारू झलक मिलती है।
इसमें वेद साहब ने अपने समकालीन रचनाकारों से अपनी अचूक नजर से बेहद ही बिंदास-बेहिचक ढंग से देखा-परखा और लिखा है। इसमें उन्होंने निर्मल वर्मा से लेकर अशोक वाजपेयी और त्रिलोचन से लेकर शमशेर तक को बेहद ही अनौपचारिक ढंग से याद किया है। ओम निश्चल के शब्दों में इस डायरी में अपने समकालीनों की सोहबतों की बेहतरीन गवाहियाँ दर्ज हैं।इस किताब के अलावा उदयप्रकाश की खासियतों का जिक्र करते हुए समीक्षक ने उनकी साक्षात्कार की किताब उनकी अपनी बात की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। इसके अलावा कुँवर नारायण की किताब वाजश्रवा के बहाने, लीलाधर जगूड़ी के काव्य संग्रह खबर के मुँह पर विज्ञापन से ढँका है, अशोक वाजपेयी का काव्य संग्रह दुख चिट्ठीरसा है पर अच्छी समीक्षाएँ हैं। यहाँ इन कवियों की कुछ चुनिंदा कविताएँ भी पढ़ी जा सकती हैं।
इसके अलावा हिंदी के ख्यात कवि असद जैदी की कविताओं को लेकर हुए विवाद और उनके काव्य संग्रह ‘सामान की तलाश’ पर भी टिप्पणी पढ़ी जा सकती है। गीताश्री की किताब स्त्री आकांक्षा के मानचित्र पर भी समीक्षा है।
योगेंद्र कृष्ण के विश्व साहित्य से कुछ अनुवाद भी उल्लेखनीय हैं जैसे रूस के दो महान लेखकों तुर्गनेव और टॉल्सटॉय के बीच हुए विवाद पर टॉल्सटॉय के बेटे इल्या का लेख बहुत अच्छा है और तत्कालीन समय के दो महान लेखकों के अंतरमन और विवादों की एक साफ सुथरी झलक देता है। इसके अलावा एक तस्वीर भी है जो खास है। कुछ कहती है यह तस्वीर में इराक के कवि अहमद अब्देल सारा बगदाद की एक सड़क पर कविता पाठ कर रहे हैं। यह जगह एक कार बम विस्फोट में बर्बाद हो गई थी जहाँ किताबों की दुकानें थी बौद्धिकों का अड्डा।
योगेंद्रजी की एक टिप्पणी है ब्लॉगरों के लिए कुछ विचारणीय बिंदु जिसमें आग्रह किया गया है कि भाषा की शुद्धता बरकरार रखी जाए और एक दूसरे के दोस्ताना कमेंट से आगे निकलने की कोशिश भी। यहाँ कुछ युवा कवियों की अच्छी कविताएँ भी पढ़ी जा सकती हैं। इनमें यतीद्र मिश्र और निरंजन श्रोत्रिय की कविताएँ दृष्टव्य हैं। पत्रों के बहाने कॉलम के तहत निर्मल वर्मा और योगेंद्र कृष्ण के पत्र पठनीय हैं। इसके अलावा सरोद रानी पर अशोक चक्रधर की एक आत्मीय टिप्पणी भी है। इस ब्लॉग पर साहित्य समाचार भी पढ़े जा सकते हैं। शब्दसृजन का पता है- http://shabdsrijan.blogspot.com

5.49 फीसदी कुपोषित बच्चों की याद नहीं

कुपोषण के कारण बेमौत मारे जा रहे बच्चों के मसले पर मध्यप्रदेश सरकार आँकड़ों और तर्क- वितर्क से पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। तर्कों का तानाबाना बुनते हुए सरकार यह बता रही है कि कांग्रेस को अपने राज के दौरान 5.49 फीसदी गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की याद नहीं है और वह मौजूदा 0.56 फीसदी बच्चों के कुपोषण पर शोर मचा रही है। एक तरफ सरकार यह कबूल कर रही है कि खंडवा और सतना में 93 बच्चों की मौत हुई है पर वह इनको कुपोषण का मामला मानने से इंकार कर रही है। उसका दावा है कि ये मौतें बुखार (वायरल फीवर) तथा उल्टी-दस्त से शरीर में होने वाली पानी की कमी से हुई हैं यानी दूसरी सरकारों की तरह बिलकुल वैसा ही रवैया है, जो भूख से मौतों के मामले में होता है।
यदि मान भी लें कि सारी मौतें बुखार और दस्त से ही हुई हैं तो इससे वह इंकार नहीं कर सकती कि जो बच्चे मरे, उनके परिजनों की माली हालत खस्ता थी। उन्हें कुपोषण ने नहीं तो इलाज के अभाव ने तो मौत के मुँह में धकेला ही है। क्या इस पर सरकार और संबधित जिला प्रशासन की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?
क्या इसे सरकार में सामूहिक नेतृत्व की कमी का मामला नहीं समझा जाए? क्या सरकार यह नहीं जानती कि जब वायरल फीवर किसी शरीर को घेरता है तो उसके इलाज के लिए कोई एंटी वायरल दवा अब तक नहीं बनी है। डॉक्टर सिर्फ एंटीबायोटिक देते हैं ताकि बुखार से घटी प्रतिरोधक क्षमता के बीच कोई जीवाणु का संक्रमण नहीं हो जाए।
विषाणु का इलाज तो खुद पीड़ित का शरीर करता है। इसके खिलाफ शरीर ही एंटीबॉडी तैयार करता है, जो उस विषाणु के असर को खत्म करता है। और यह बात क्या तर्कों का तानाबाना बुनने वाले सरकार के कारिंदों को नहीं पता कि कमजोर और कुपोषण से घिरा शरीर यह एंटीबॉडी तैयार नहीं कर पाता, जो उसकी मौत का सबब बनता है। क्या वे ये भी नहीं जानते कि पौष्टिक आहार का क्या मतलब है। इसका अर्थ प्रोटीनयुक्त आहार है। प्रोटीन ही एंटीबॉडीज तैयार करने में मददगार होता है।
यह दाल-दलिया में होता है, खीर-पूड़ी में नहीं। सरकार को किस समझदार (?) ने उनको दलिया की जगह खीर-पूड़ी का मशविरा दिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री मेहदेले की बात सही है कि दो रुपए में समोसा नहीं मिलता पर दो रुपए में दलिया और गुड़ का इंतजाम आज भी हो सकता है। सवाल यही है कि देश की आजादी के छः दशक बाद भी हम कब तक मेरी कमीज से तेरी कमीज गंदी होने का दंभ भरते रहेंगे? तकनीकी रूप से कुपोषण से मौत भले ही नहीं होती, पर इस बात को भी कोई नहीं नकार सकता कि कुपोषित शरीर पर बीमारी जानलेवा साबित होती है। आखिर हम यह कब समझेंगे कि बच्चा-बच्चा होता है फिर चाहे वह गरीब का हो या अमीर का। जो सक्षम है वे तो अपनी चिंता कर लेंगे, लेकिन गरीब के बच्चे का इलाज तो सरकार को ही करना होगा जो जनता की जेब से ही इस सबके लिए पैसे वसूलती है।

'दूध का दूध, पानी का पानी' करे सो न्याय

- रमेशचन्द्र लाहोटी
जो 'दूध का दूध, पानी का पानी' करे सो न्याय है। न्याय पाना मानव का मूलभूत नैसर्गिक अधिकार है। न्यायदान शासन का कर्तव्य है, यह नागरिक के द्वारा माँगी जाने वाली कृपा या भीख नहीं है। जिस समाज में प्राणीमात्र को न्याय नहीं मिल सकता उस समाज में स्वतंत्रता और स्वाधीनता जैसे सिद्धांतों की चर्चा करना निरर्थक है। सभ्यता और शिष्टता न्यायविहीन समाज में जीवित नहीं रह सकते। भारतीय संविधान में देश के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाने का वादा किया गया है।
न्याय की इस विशद परिकल्पना को मूर्तरूप देना शासन का कर्तव्य है और शासन को अपने आधारभूत कर्र्तव्य का स्मरण दिलाते रहना, बल्कि उसे अपने कर्तव्य पालन के लिए विवश करते रहने का दायित्व भारतीय संविधान ने न्यायपालिका को सौंपा है। प्रत्येक न्यायाधीश को अपने प्राथमिक कर्तव्य का स्मरण रखते हुए अपने कार्य का संपादन और उत्तरदायित्व का निर्वहन करना चाहिए। न्यायाधीश को अपने कर्तव्य पथ से किंचित मात्र भी विचलित नहीं होना चाहिए। न्याय के पथ पर आरूढ़ न्यायाधीश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों की आध्यात्मिक अर्थ में अभिव्यक्ति खलील जिब्रान ने बहुत सुंदर शब्दों (जीवन-संदेश पृष्ठ 52) में की है । वे लिखते हैं-
और न्यायप्रिय न्यायाधीशों!तुम उसे क्या सजा दोगे जो ईमानदार है लेकिन मन से चोर है? और तुम उस व्यक्ति को क्या दंड दोगे जो देह की हत्या करता है लेकिन जिसकी अपनी आत्मा का हनन किया गया है? और उस पर तुम मुकदमा कैसे चलाओगे जो आचरण में धोखेबाज और जालिम है लेकिन जो खुद संत्रस्त और अत्याचार-पीड़ित है? और तुम उन्हें कैसे सजा दोगे जिनका पश्चाताप उनके दृष्कृत्यों से अधिक है? और क्या यह पश्चाताप ही उस कानून का न्याय नहीं है जिसका पालन करने का प्रयास तुम भी करते हो? मान्यता है कि गंगा में डुबकी लगाकर मनुष्य के पाप तिरोहित हो जाते हैं। गंगा स्नान करके पापी भी पवित्र जीवन का आरंभ कर सकता है। किंतु कोई गंगा के जल में बैठकर ही पाप करे तो? न्यायालय को 'न्याय-मंदर' भी कहा जाता है।
न्यायाधीश न्याय की देवी का पुजारी, आराधक और साधक है। उसका चिंतन, आचरण और कृति जिस आसन पर वह बैठता है उसके आदर्श और अपेक्षाओं के अनुरूप होना ही उसे न्यायाधीश का बाना पहनने को अधिकारी पात्र बनाता है। इसीलिए न्यायाधीश का उद्देश्य, आचरण और कार्यशैली सभी उत्कृष्ट होना चाहिए। नीतिशास्त्र कहता है कि मूर्ख, व्यसनी, लोभी, प्रगल्भ, भीरू, क्रूर, अन्यायी- ऐसा न्यायाधीश नहीं होना चाहिए।
ये सभी दुर्गुण न्यायाधीश के लिए त्याज्य और वर्जित हैं। जिस व्यक्ति में इनमें से कोई भी लक्षण है वह न्यायाधीश का पद धारण करने योग्य नहीं है। विलक्षण दार्शनिक विद्वान सुकरात ने, न्यायाधीश के चार आदर्श लक्षण बताए हैं- शिष्टतापूर्वक सुनना, बुद्धिमत्तापूर्वक उत्तर देना, गंभीरतापूर्वक विचार करना तथा निष्पक्षतापूर्वक निर्णय देना। इन चार लक्षणों से युक्त न्यायाधीश निर्भीक और क्षुद्रताओं से ऊपर उठ जाता है।
महात्मा गाँधी ने एक लक्ष्य निर्धारित किया और उसे एक आदर्श के रूप में अपने सम्मुख रखा। उनके अनुसार न केवल उद्देश्य बल्कि उसके पाने का मार्ग और उपाय भी आदर्श हों। आदर्श उपायों से अनादर्श और अनादर्श उपायों से आदर्श की प्राप्ति निंदनीय और त्याज्य हैं। दोनों में समाधानविहीन विरोधाभास है। आदर्श न्यायाधीश सांसारिक न्याय के आदर्श का पालन करता रहे तो उसके हाथों से किया गया न्यायदान दिव्यता की ओर उन्मुख होने लगता है। ऐसे न्यायाधीश के न्यायासन पर आसीन होने और तपस्वी के तप में कोई अंतर नहीं होता है।
रामचरित मानस के दो प्रसंगों के परिप्रेक्ष्य में एक जिज्ञासु ने मानस के विद्वान से प्रश्न पूछा। जयंत ने तो सीता के पैर पर चोंच से प्रहार किया था। उसने सीता को चोट पहुँचाई, शारीरिक कष्ट दिया किंतु भगवान राम ने उसे केवल एक आँख लेकर छोड़ दिया। दूसरी ओर, रावण ने सीता का अपहरण तो किया किंतु लंका के सर्वोत्तम और सुंदर उपवन में स्त्री-रक्षकों की निगरानी में रखा। रावण ने सीता से अनुनय-विनय तो की, प्रलोभन भी दिए किंतु अपनी बात मनवाने के लिए कभी भी बल का प्रयोग नहीं किया। फिर भी भगवान राम ने उसके प्राण ले लिए।
जयंत को केवल दंड किंतु रावण को प्राणदंड, जबकि जयंत का अपराध अधिक गंभीर था। ऐसा क्यों? विद्वान ने उत्तर दिया कि जयंत ने कौवे का वेष धारण कर सीता पर चोंच का प्रहार किया जो कौवे का स्वभाव है किंतु रावण ने साधु का वेष धारण कर सीता का अपहरण किया और इस प्रकार साधु के वेष की मर्यादा का उल्लंघन किया। रावण का अपराध बड़ा है, जयंत का अपेक्षाकृत छोटा। इसलिए रावण को कठोर दंड मिला, जयंत को एक प्रकार की चेतावनी भर मिली।
सार यह है कि साधारण सांसारिक प्राणी का नैतिकता एवं उत्कृष्ट आचरण के पथ से यत्किंचित विलग हो जाना उतना गंभीर नहीं है जितना एक न्यायाधीश का बाना पहनने वाले व्यक्ति का विलग या विचलित हो जाना। न्यायालय कक्ष के अंदर और न्यायालय कक्ष के बाहर, वह जहाँ भी हो, अपने घर में भी आदर्श के उच्च मानदंडों का पालन और अनुसरण उससे अपेक्षित है। यदि अपने आचरण, व्यवहार और वाणी से वह किसी भी आदर्श का उल्लंघन करता है अथवा अनैतिक आचरण करता है तो वह समाज और संविधान के प्रति उत्तरदायी है। एतदर्थ, अनुभव और व्यावहारिक कठिनाइयाँ यह दर्शाती हैं कि न्यायाधीश पर महाभियोग की कार्रवाई कर, मात्र उसके पद से उसे हटा देना कारगर उपाय नहीं है, महाभियोग से न्यून दंडित करने की व्यवस्था विधान में होनी चाहिए। परंतु ऐसी व्यवस्था और उससे संबद्ध प्रक्रिया में कोई भी बात ऐसी नहीं होनी चाहिए जिससे न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर आँच आए।