Friday, October 31, 2008

बीमा विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी

सरकार ने शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित व्यापक बीमा विधेयक को मंजूरी दे दी जिसके तहत निजी क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा को 26 फीसदी से बढ़ाकर 49 फीसदी करने का प्रावधान है। सरकार ने यह भी कहा कि दिसंबर में इस विधेयक को संसद में पेश किया जाएगा।कैबिनेट की कल रात हुई बैठक के बारे में वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने आज सुबह बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंत्रिसमूह की सिफारिशों के आधार पर बीमा अधिनियम 1938, साधारण बीमा कारोबार अधिनियम 1972 और बीमा नियामक एवं विकास अधिनियम 1999 में संशोधन के लिए बीमा [संशोधन] विधेयक 2008 को राज्यसभा में पेश करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।चिदंबरम ने कहा कि हालंाकि समय की कमी के कारण संभव है कि संसद के इस सत्र में विधेयक पारित न हो पाए। उन्होंने कहा कि संशोधन के जरिए कानून के पुराने और बेकार हो चुके प्रावधानों को हटाया जाएगा और इसमें ऐसे प्रावधानों को शामिल किया जाएगा कि बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकार ं[आईआरडीए] प्रभावी और बेहतर तरीके से काम कर सके।चिदंबरम ने कहा कि मंत्रिमंडल ने जीवन बीमा निगम [संशोधन] विधेयक 2008 को भी लोकसभा में पेश करने का फैसला किया है।

Tuesday, October 28, 2008

राजनीति पर भारी पड़ी रोटी !

कुछ लोगों के लिए राजनीति भले ही कमाई का जरिया हो, लेकिन छत्तीसगढ़ के एक पार्षद ने आर्थिक तंगी के चलते अपने पद से इस्तीफा देकर तृतीय श्रेणी शिक्षाकर्मी की नौकरी स्वीकार कर ली है।


छत्तीसगढ़ के दूसरे सबसे बड़े शहर बिलासपुर के पार्षद रवींद्र चतुर्वेदी ने ऐसे समय में इस्तीफा दे कर शिक्षाकर्मी की नौकरी शुरू की है, जब राज्य में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में कई पार्षद विधायक बनने के लिए चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।
राज्य में ऐसे उम्मीदवार भी बहुत हैं, जो नौकरी छोड़ कर चुनाव लड़ रहे हैं। पार्षद रवींद्र के इस्तीफे से राजनीतिक गलियारे में लोग चकित हैं, लेकिन बिलासपुर समेत राज्य के दूसरे हिस्सों में पार्षद के इस कदम का आम लोगों ने स्वागत किया गया है।
नहीं सुहाई राजनीति : कानून और इतिहास में स्नातकोत्तर की डिग्री लेने वाले रवींद्र चतु्वेदी पिछले 9 साल से पार्षद थे। पिछले चुनाव में उनके खिलाफ राज्य के वित्तमंत्री और सांसद ने प्रचार किया था।
तमाम विरोधों के बावजूद रवींद्र ने दूसरे सभी उम्मीदवारों को हराकर बिलासपुर नगर निगम में अपनी जगह सुनिश्चित की थी, लेकिन जनसेवा का मंत्र लेकर राजनीति में आए रवींद्र को आर्थिक समस्याओं के आगे घुटने टेकने पड़े। शिक्षक माता-पिता की संतान रवींद्र कहते हैं अच्छे लोगों को भी राजनीति में आना चाहिए। यही सोच कर मैं राजनीति में आया। पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पार्षद के चुनाव में खड़ा हुआ और जनता ने साबित कर दिया कि धन और बाहुबल के बदौलत ही चुनाव नहीं जीते जाते। अगली बार रवींद्र को कांग्रेस पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया और इस बार भी वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरे, लेकिन पार्षद के पद पर रहते हुए रवींद्र के लिए अपना घर चलाना भी मुश्किल हो गया।रवींद्र कहते हैं मेरे पास आय का कोई और स्रोत नहीं था और पार्षद के रूप में लगभग 18 घंटे तक जनसेवा करने के बदले मुझे मानदेय के रूप में केवल ढाई हजार रुपए मिलते थे। मेरे पास इतना समय भी नहीं होता था कि मैं कोई और काम कर सकूँ, जिससे मुझे थोड़े पैसे मिल सके।

मुश्किलें : पत्नी और दो बच्चों वाले परिवार का जब गुजारा मुश्किल हो गया तो रवींद्र ने तय किया कि राजनीति को अब अलविदा कह देना चाहिए। इसके बाद जैसे ही उन्हें तृतीय श्रेणी के शिक्षाकर्मी का प्रस्ताव मिला, उन्होंने तत्काल इसे स्वीकार कर लिया और पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया।


बेइमानी कर हर महीने लाखों रुपए कमाने की बजाय ईमानदारी से शिक्षाकर्मी की नौकरी करना सबके बस का नहीं है। इसके लिए तो कलेजा चाहिए।

छत्तीसगढ़ की राजनीति को बेहद करीब से देखने वाले समाजवादी चिंतक आनंद मिश्रा कहते हैं रवींद्र चतुर्वेदी का इस्तीफा लोकतंत्र में अनास्था की भी निशानी है। ईमानदार व्यक्ति का पार्षद का पद छोड़कर तृतीय श्रेणी के शिक्षाकर्मी की नौकरी करना संकेत करता है कि राजनीति शायद भले लोगों के लिए नहीं है। रवींद्र के पड़ोस में रहने वालों को इस बात की खुशी है कि उन्होंने रवींद्र जैसा ईमानदार जनप्रतिनिधि चुना था, लेकिन अब उन्हें इस बात की चिंता भी सता रही है कि नगर निगम में उनकी आवाज अब कौन सुनेगा। कुदुदंड इलाके के संतोष कुमार कहते हैं बेइमानी कर हर महीने लाखों रुपए कमाने की बजाय ईमानदारी से शिक्षाकर्मी की नौकरी करना सबके बस का नहीं है। इसके लिए तो कलेजा चाहिए।

व्यवस्था पर सवाल : बिलासपुर नगर निगम में ही कांग्रेस की पार्षद शाहजादी कुरैशी पूरे मामले के लिए व्यवस्था को दोष देती हैं। उनकी माँग है कि पार्षदों को भी विधायक और सांसदों की तरह सम्मानजनक वेतन मिले।
शाहजादी कहती हैं किसी पार्षद से जनता की अपेक्षा बहुत होती है। शहर में होने वाले आयोजनों में अगर पार्षद केवल चंदा ही देना चाहे तो रकम हर माह 10-20 हजार रुपए तक पहुँच जाएगी। ऐसे में रवींद्र का त्यागपत्र हमारी पूरी व्यवस्था व सोच को ही कटघरे में खड़ा करता है।
...लेकिन अब रवींद्र इन बातों से अलग-थलग बिलासपुर शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर एक गाँव बेलटुकरी के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के बीच मगन हैं, जहाँ उनकी पहली नियुक्ति हुई है। यहाँ उन्हें पहली कक्षा के बच्चों को पढ़ाने का जिम्मा मिला है। रवींद्र कहते हैं जब मैंने पहले दिन स्कूल में बच्चों के कमरे में कदम रखा तो डर था कि अपना दायित्व ठीक से निभा पाऊँगा भी या नहीं, लेकिन पहले दिन से ही सब कुछ ठीक हो गया और अब मैं यहाँ खुश हूँ। रवींद्र की पत्नी भी खुश हैं कि अब उनके पति को पार्षद के रूप में मिलने वाले ढाई हजार रुपए के बजाय शिक्षाकर्मी के तौर पर वेतन के रूप में साढ़े चार हजार रुपए मिलेंगे।

हत्या काल्पनिक पति की, सजा असली

जापान में एक महिला को बहुचर्चित वीडियो गेम में कथित तौर पर अपने काल्पनिक पति की हत्या करने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 43 वर्षीया महिला ऑनलाइन वीडियो गेम 'मेपल स्टोरी' में काल्पनिक पति के अचानक तलाक दे देने से आहत थी।


पुलिस के अनुसार महिला ने गैरकानूनी ढंग से उस व्यक्ति की, जिसके साथ वह काल्पनिक पति के तौर पर वीडियो गेम खेलती थी, लॉग-इन जानकारी हासिल करने के बाद उस काल्पनिक पति के किरदार को ही मार दिया। अगर ये इल्जाम साबित हो जाते हैं तो महिला को पाँच साल की सजा और पाँच हजार डॉलर का जुर्माना हो सकता है।
इल्जाम : महिला पियानो शिक्षिका हैं और उन पर गैरकानूनी ढंग से अपने काल्पनिक पति के कम्प्यूटर को ऐक्सेस करने और उसके डाटा को उलट-पुलट करने का इल्जाम है।
महिला को बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया है और मियाजाकी से एक हजार किलोमीटर दूर सोपोरो लाया गया है, जहाँ उनके काल्पनिक पति रहते हैं। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार सोपोरो के पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला ने मई में काल्पनिक पति के आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर गेम को खोल कर उस किरदार की हत्या कर दी थी। महिला ने पूछताछ करने वाले अधिकारियों को बताया बगैर किसी चेतावनी के मुझे अचानक तलाक दे दिया गया और इस वजह से मैं काफी आहत हुई। मेपल स्टोरी एक ऑनलाइन वीडियो गेम है, जिसे कोरिया ने बनाया है और ये खेल जापान में काफी खेला जाता है।

Saturday, October 25, 2008

आरुषि की मेडिको रिपोर्ट से छेड़छाड़ का संदेह

नोएडा। बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड का मेडिको लीगल रजिस्टर जिला अस्पताल से गायब हो गया है। यह खुलासा मामले की तफ्तीश कर रही सीबीआई टीम द्वारा शनिवार को अस्पताल में मारे गए छापेमारी के दौरान हुआ।सीबीआई को संदेह है कि आरुषि की मेडिको लीगल रिपोर्ट से छेड़छाड़ की गई है। छापेमारी के दौरान रजिस्ट्रर न मिलने से सीबीआई का शक और गहरा गया है। अगर आरुषि की मेडिकल रिपोर्ट में सचमुच छेड़छाड़ की गई होगी तो इस हत्याकांड में एक बार फिर नया मोड़ आ जाएगा।छापेमारी के लिए सीबीआई की चार सदस्यीय टीम ने जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट की अलमारी तोड़कर मेडिको-लीगल रजिस्टर तलाशने का प्रयास किया, लेकिन अलमारी से 2008 का रजिस्टर नदारद मिला। इससे सीबीआई अधिकारियों को शक और गहरा हो गया है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई को नोएडा पुलिस से जो मेडिको लीगल रिपोर्ट मिली है, उसमें बहुत ज्यादा ओवर राइटिंग [काट-पीट कर सुधार] की गई है। यही सीबीआई की शक की मुख्य वजह है। लिहाजा वह मेडिको-लीगल रजिस्टर देखकर अपना शक दूर करना चाह रही थी।सूत्रों के अनुसार सीबीआई टीम सुबह 10:30 बजे ही अस्पताल पहुंच गई थी। सुबह ओपीडी चालू होने के कारण मेडिको लीगल संबंधी रिपोर्ट की छानबीन चार बजे के बाद की गई। इस संबंध में सीबीआई की टीम ने सीएमएस एससी सिंघल से आरुषि के मेडिको लीगल रिपोर्ट के बारे में पूछताछ की। इसके बाद जिला अस्पताल की पैथोलोजिस्ट की आलमारी की छानबीन की गई। आलमारी से वर्ष 2008 का वह रजिस्टर गायब मिला, जिसमें आरुषि की मेडिको लीगल रिपोर्ट दर्ज है।

दरअसल इस रिपोर्ट के जरिए सीबीआई यह जानने का प्रयास कर रही है कि उस रात आरुषि के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ था या नहीं। सीबीआई को यह शक हत्या के बाद पुलिस द्वारा ली गई उसके शव की फोटो देखकर हुआ। इसका पता आरुषि की मेडिको लीगल रिपोर्ट से ही चल सकता है।सीबीआई को यह भी शक है कि जिला अस्पताल की पैथोलॉजिस्ट, आरुषि हत्याकांड के समय छुट्टी पर गई हुई थीं। ऐसे में हत्याकांड के बाद आरुषि से संबंधित स्लाइड जांच के दौरान अस्पताल कैसे पहुंची। सीबीआई की चार सदस्यीय टीम के साथ छापेमारी में सिटी मजिस्ट्रेट, सीएमएस व तीन डॉक्टर भी थे।

दक्षिणपंथी साध्वी हिरासत में

मुंबई के आतंकवाद निरोधक दस्ते [एटीएस] ने मालेगांव और गुजरात के मोदासा में हुए बम विस्फोटों के सिलसिले में एक दक्षिणपंथी साध्वी को सूरत से हिरासत में लिया है।सूरत के पुलिस आयुक्त आर एम एस बरार ने यहां बताया कि मुंबई का एटीएस दल सात दिन पहले सूरत आया और उसने महीदरपुरा इलाके से एक दक्षिणपंथी साध्वी को हिरासत में लिया।बरार ने हालांकि साध्वी का नाम उजागर नहीं किया। एटीएस मालेगांव बम विस्फोट मामले में हिंदू दक्षिणपंथी संगठन का हाथ होने की जांच कर रहा है। एटीएस के मुताबिक मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और हम फिलहाल यह नहीं कह सकते कि इसके पीछे एक खास संगठन का हाथ है। इस बीच साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक आर बी ब्रह्माभट्ट ने कहा कि उन्हें विस्फोट में दक्षिणपंथी हिन्दू संगठन का हाथ होने के बारे में मुंबई एटीएस से कोई सूचना नहीं मिली है।रमजान के महीने में हुए मोदासा बम विस्फोट मामले की जांच ब्रह्माभट्ट ही कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि पावरलूम शहर मालेगांव में 29 सितंबर को हुए विस्फोटों के सिलसिले में बृहस्पतिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।सूत्रों का मानना है कि तीनों को आज नासिक की अदालत में पेश किया जा सकता है। मालेगांव विस्फोटों में पांच लोग मारे गए थे और गुजरात के मोदासा में विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी। बमों को वहां खड़ी की गई मोटरसाइकिलों में रखा गया था। इससे पहले पुलिस ने घटना के संबंध में चार लोगों को इंदौर और देवास से गिरफ्तार किया था जिन्हें बाद में पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया गया था।

Thursday, October 23, 2008

घट सकती हैं पेट्रॉल-डीजल की कीमतें

पेट्रॉलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने लोकसभा में गुरुवार को कहा कि अगर तेल की कीमत 61 डॉलर प्रति बैरल के आसपास स्थिर रही तो पे

ट्रॉल और डीजल के दामों में कमी पर विचार किया जा सकता है। इसमें एक हफ्ते का समय लग सकता है। हालांकि उन्होंने बताया कि तेल के गिरते मूल्य के मद्देनजर ओपेक ने शुक्रवार को बैठक बुलाई है, जिसमें उत्पादन कटौती को लेकर फैसला हो सकता है। ऐसे में सरकार के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
बाद में एनबीटी से बातचीत में देवड़ा ने कहा कि उन्होंने न तो पेट्रॉल और डीजल की कीमतें कम करने का वादा किया है और न गारंटी दी है कि कीमतें घट जाएंगी। फिलहाल दाम घटाने को लेकर न तो कोई प्रस्ताव है और न ही सरकार इस पर विचार कर रही है। ओपेक तेल कटौती को लेकर जो फैसला करेगा, उसे देखा जाएगा। तेल कीमत पर निगाह रखी जाएगी। उसके बाद ही कीमतें घटाने के मुद्दे पर विचार होगा।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि बेशक देवड़ा ने कीमतों में कटौती की बात कही है, मगर ऐसा करना उनके लिए आसान नहीं होगा। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, आरबीआई के गवर्नर सुब्बा राव और तेल कंपनियां इसके पक्ष में नहीं है। क्रेडिट पॉलिसी की तिमाही समीक्षा को लेकर चिदंबरम ने सुब्बा राव से गुरुवार को बातचीत की।
कितनी जरूरत
भारत की तेल जरूरत 15 करोड़, 61 लाख टन सालाना। इसमें घरेलू प्रडक्शन का हिस्सा लगभग 3 करोड़, 41 लाख टन है।
कहां से आता है:-सन 2007-08 में 11 करोड़, 88 लाख टन क्रूड ऑइल आयात किया गया। भारत किसी एक देश से और किसी एक तरह का क्रूड नहीं खरीदता। इसकी एवरेज कॉस्ट निकाली जाती है, जिसमें ट्रांसपोर्ट की लागत भी शामिल होती है। फिलहाल यह 60-61 डॉलर के आसपास है।
कीमतें कैसे घटें:-भारत में पेट्रॉलियम प्रडक्ट्स रियायती दरों पर बेचे जा रहे हैं, जिसका घाटा मार्किटिंग कंपनियां और सरकार उठाती हैं। पहले सरकार का मानना था कि जब क्रूड की औसत लागत 63 डॉलर प्रति बैरल हो जाएगी, तो नुकसान बराबर हो जाएगा। लेकिन रुपये की कीमत गिरने से यह गणित गड़बड़ा गया। अब यह लागत 60 डॉलर है और सरकार कीमतें घटाने की स्थिति में है। आज ओपेक की बैठक होगी। इसमें अगर प्रॉडक्शन घटाने का फैसला लिया गया, तो तेल की कीमतें चढ़ जाएंगी और भारत का गणित फिर से गड़बड़ा जाएगा।

पटाख़ों से धमाका, मृतक संख्या 26 हुई

अस्पताल (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत में दीपावली से पटाखों से होनेवाली दुर्घटनाओं में वृद्धि हो जाती ह
राजस्थान के भरतपुर ज़िले के डीग क़स्बे में पटाख़ा फ़ैक्टरी में बुधवार देर रात हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है और 16 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है:-मरनेवालों में आठ बच्चे और चार महिलाएँ शामिल हैं. विपक्ष ने मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवज़ा देने की माँग की है. घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है.पुलिस ने इस सिलसिले में विभिन्न धाराओं के तहत सात प्राथमिकी दर्ज की हैं और दस लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

नुक़सान:-भरतपुर के पुलिस अधीक्षक रोहित महाजन ने बताया कि इस धमाके के कारण चार मकान ढह गए और देर रात तक राहत और बचाव का कार्य चल रहा था.अधिकारियों का कहना है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि घरों की छतें धस गई और इससे नुक़सान ज़्यादा हुआ.जहाँ धमाका हुआ है उस घर में पटाख़े बनाने का काम चल रहा था. भारत में दीपावली से पहले पटाख़ों से होनेवाली दुर्घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो जाती है.प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके के कारण डीग क़स्बे में दहशत फैल गई. राजधानी जयपुर में 13 मई, 2008 को सात बम धमाके हुए थे जिनमें 63 लोग मारे गए थे.