Tuesday, May 12, 2009

दुष्कर्म मामले में डाक्टर का बयान अंतिम नहीं

मुंबई। बांबे हाईकोर्ट ने अपने एक ऐतिहासिक फैसले में कहा कि दुष्कर्म मामले में डाक्टर का बयान अंतिम नहीं माना जा सकता और विरोधाभासी मेडिकल रिपोर्ट के बावजूद भी दुष्कर्म की पुष्टि की जा सकती है। इसके साथ ही कोर्ट ने अभियुक्त पर 50 हजार का जुर्माना लगाते हुए पांच साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई। जुर्माने की रकम पीड़िता को दी जाएगी। कोर्ट ने यह फैसला 7 मई को दिया।1987 में हुए इस दुष्कर्म कांड के अभियुक्त सुरेश जाधव को सतारा की एक सत्र अदालत ने 1989 में बरी कर दिया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार जाधव ने कक्षा सात में पढ़ने वाली 11 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया था। जाधव को किशोरी के परिवार वाले अच्छी तरह जानते थे। घटना के दिन पीड़िता के बड़े भाई ने जाधव से अपनी साइकिल पर किशोरी को घर छोड़ने को कहा, लेकिन जाधव पीड़ित छात्रा को घर छोड़ने के बजाए अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लेकिन सुनवाई अदालत ने पाया कि डाक्टर के सबूतों के अनुसार कौमार्य झिल्ली फटी नहीं थी और पीड़ित छात्रा के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं थे। इस आधार पर अदालत ने जाधव को बरी कर दिया जिसके बाद हाईकोर्ट में अपील दाखिल की गई।वर्ष 2007 में हाईकोर्ट की एक अन्य पीठ ने इस फैसले को पलटते हुए जाधव को दोषी करार दिया। जाधव ने इस फैसले को सुप्रीमकोर्ट में चुनौती दी जिसने हाईकोर्ट को इस मामले में नए सिरे से सुनवाई करने का निर्देश दिया।

सात मई को दिए फैसले में मुख्य न्यायाधीश स्वतंत्र कुमार तथा एससी धर्माधिकारी की खंडपीठ ने एक बार फिर निचली अदालत के फैसले को पलट दिया और जाधव को दोषी ठहराया।हाईकोर्ट ने कहा कि डाक्टर ने कहा है कि किशोरी की कौमार्य झिल्ली पर कोई चोट नहीं पहुंची है। लेकिन डाक्टर ने अन्य जगह पर स्वीकार किया है कि कौमार्य झिल्ली के फटे बिना भी यौन हमला हो सकता है। पीठ ने कहा कि डाक्टर के बयान पर जरूरत से अधिक विश्वास किया गया लेकिन 'दुष्कर्म साबित करने के लिए डाक्टर का बयान अंतिम परीक्षण नहीं है।'पीठ ने कहा कि बाकी सभी के बयान अपराध को साबित करते हैं.. अन्य गवाहों ने पीड़िता के मामले की पूरी तरह पुष्टि की है।' अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि एक छोटी बच्ची जाधव को फंसाने के लिए क्यों झूठी कहानी गढ़ेगी। हालांकि अपराध के घटने को काफी वक्त बीत जाने के कारण मामले में कुछ रियायत बरतते हुए अदालत ने आरोपी को अधिकतम सात साल के बजाय पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने जाधव पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने कहा कि यह राशि बतौर मुआवजा पीड़िता को दी जाएगी।

Tuesday, March 31, 2009

गोविंदा ने चुनाव न लड़ने की घोषणा

फ़िल्म अभिनेता और मुंबई उत्तर से कांग्रेस के सांसद गोविंदा पार्टी का कहना कि लोक सभा चुनाव न लड़ने की अपनी इच्छा के बारे में उन्होंने पार्टी आलाकमान को बता दिया है.गोविंदा ने 2004 के चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार राम नाइक को हराया था।
मुंबई में अपने घर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ लोगों को मेरे साथ काम करने में दिक्कत है और उन्होंने समस्याएं खड़ी कीं थीं.उनका कहना था,'' मैंने सोनिया गांधी को बता दिया है कि मैं चुनाव लड़ने के बजाए चुनाव प्रचार करना पसंद करूंगा.''उन्होंने कहा कि विरोधियों ने मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश की, इसके बावजूद सोनिया गांधी को मुझ पर भरोसा है.लोगों की पहुंच से दूर होने के आरोपों को ठुकराते हुए गोविंदा ने कहा,'' कुर्सी पर बैठने के बजाए आम जनता के लिए काम करने से मतलब होना चाहिए.''गोविंदा ने कहा कि उन्हें खलनायक के रूप में पेश किया गया जबकि सच्चाई कुछ और है.

Thursday, March 19, 2009

ढोल वाली माँ को सलाम

ढ़ोल वाली माँ


मैंने देखा है उसे दस किलो का ढोल अपने कंधे पर टाँग बजाते हुए। हर तीज, त्योहार एवं विवाह आदि समारोह में वह दिख जाती है, शहर की गलियों को अपनी इच्छाशक्ति के कदमों से नापते हुए। तीस सालों से यह क्रम जारी है, लेकिन उसके चेहरे पर प्रसन्नाता एवं संतुष्टि के मिले-जुले भाव अब भी वैसे ही दिखाई देते हैं, जैसे पहले थे। गाँव में रहते हुए जातिगत भेदभाव का सामना उसे भी करना पड़ा, परंतु उसकी व्यवहार-कुशलता की हर कोई दाद देता है।
उसने नहीं बजाया था ढोल कभी अपने पिता के घर। अपने पिता की सबसे लाड़ली थी वह। पाँच भाई-बहनों में सबसे छोटी। लेकिन पति के घर कदम रखते ही उसका वास्ता पड़ा जीवन के भयावह यथार्थ से। कठिनतम परिस्थितियों से उसे दो-चार होना पड़ा। दो जून की रोटी जुटाने और परिवार की गाड़ी को सही दिशा में ले जाने की सोच उसने टाँगा ढोल अपने कंधे पर। समय गुजरने के साथ उसे बजाना भी आ गया। और फिर हुआ सफर शुरू जीवन के तमाम झंझावातों से जूझते हुए पति के साथ कदमताल करने का। आर्थिक अभाव, रूढ़ियों में जकड़ा परिवार, बात-बात पर क्रोध करने वाला पति और शादी के छः साल तक कोई संतान न होने के कारण ताने कसने वाला तथाकथित समाज। सबकुछ सहती गई वो। इस उम्मीद में कि कभी तो उसे औलाद का सुख मिलेगा और वह समय भी आया जब उसके घर बेटा हुआ। वह भी कई मन्नातों और पूजा-अर्चना के बाद।
समय गुजरने के साथ उसके घर-आँगन में एक-एक कर तीन बेटियों की किलकारियाँ भी गूँजी। ढेरों सपने बुनते हुए और लगातार मेहनत करते हुए वह अपने बच्चों को पढ़ाती रही। शादी-ब्याह, मन्नात, तीज-त्योहार पर ढोल बजाते हुए वह चलती रही अपनी राह। इस बात की संतुष्टि उसे सदैव रही कि अभावों एवं दुःख के बादलों के बीच भी उसके बेटे-बेटियाँ अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। कभी नमक-मिर्च के साथ अपना दिन काटती तो कभी मूसलधार बरसते पानी में खपरैल से बहती धारा के बीच एक कमरे में अपने बच्चों को समेटे वह ढोल वाली "माँ" तब बहुत खुश होती थी जब कोई उससे कहता कि "तुम्हारा बेटा पढ़ने में बहुत होशियार है।" अपने परिवार की समृद्धि और सुनहरे भविष्य की उम्मीदें अपने एकमात्र बेटे में ढूँढती थी वो। उसके बेटे ने भी दसवीं तक की शिक्षा लेने के बाद अपनी जिम्मेदारियों को समझा और अपना खर्चा खुद निकालकर परिवार को सहयोग करने लगा। जिम्मेदारी का अहसास तो उसे तभी हो गया था जब उसने होश संभाला था। त्याग की भावना भी उसमें अपनी माँ से ही आई। एक ठेठ देहाती गाँव के अत्यंत अल्पशिक्षित एवं सामाजिक रूप से पिछड़े परिवार के लिए निःसंदेह यह एक बड़ी बात थी कि वहाँ पढ़ाई के महत्व को समझा जाने लगा। इसके पीछे "ढोल वाली माँ" की दूरदृष्टि ही थी। वह आज एक ऐसे उच्च शिक्षित बेटे की माँ है, जिसके पास पद भी है और प्रतिष्ठा भी। उसकी तीनों बेटियाँ स्नातक स्तर तक शिक्षित हैं और अपनी घर-गृहस्थी तो संभाल ही रही हैं, साथ ही करियर भी। लेकिन ढोल वाली माँ अभी भी वैसी की वैसी ही है। अपने बच्चों के बार-बार मना करने के बावजूद यदा-कदा ढोल उसके कंधे पर दिख ही जाता है। जैसे ही वह कीमची मारती है उसकी थाप लोगों को एक संदेश दे जाती है- संदेश... अँधेरे से लड़ते रहने का...। बाधाओं को पार करके अनवरत चलते रहने का। जीवन में बिना कुछ किए जिन्हें सब कुछ मिल जाता है, वे उसका मोल नहीं जानते। पैतृक संपत्ति के बल पर ऊँचे ओहदे हासिल करने वाले क्या समझेंगे उस ढोल वाली माँ की सफलताओं को। उसकी उपलब्धियाँ किसी भी प्रबंधक अथवा अधिकारी से कमतर नहीं। वह ढोल वाली माँ आदर्श है कई माँओं की। ऐसी माँ को हजारों सलाम।

गरीबी के चलते बेचना पड़े गुर्दे

काहिरा की एक गरीब बस्ती के युवा दंपति को अपना सब कुछ बेचना पड़ा। इसके बाद भी जब उनकी मुफलिसी नहीं गई तो उन्होंने अपना एक-एक गुर्दा बेच दिया। चोरी-छिपे एक निजी अस्पताल में हुए ऑपरेशन के बाद एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को आधी बेहोशी की हालत में टैक्सी में छोड़ दिया गया और गुर्दे के एवज में उनके कपड़ों में धनराशि रख दी गई। अब एक वर्ष बाद भी वे इतने गरीब हैं कि वे गुर्दा देने के बाद अपनी सेहत ठीक नहीं रख सके और अधिकतर समय बिस्तर पर ही गुजार देते हैं। 24 वर्षीय अब्दुल रहमान अब्दुल अजीज कहीं ज्यादा बुढ़ा नजर आ रहा है। उसने कहा अगर कोई मुझे खतरे के बारे में स्पष्ट कर देता तो मैं ऐसा नहीं करता। कई वर्षों से यह कहा जाता है कि मिस्र में महज दो हजार अमेरिकी डॉलर के लिए भी गुर्दे बेच दिए जाते हैं। दलाल लोगों की तलाश में रहते हैं। इस गैरकानूनी कारोबार के तहत कई विदेशी नागरिक गुर्दे हासिल करने मिस्र आते हैं।

Monday, March 16, 2009

गृह मंत्री बनने की तैयारी में अमर सिंह

नई दिल्ली.amar singh अमर सिंह गृह मंत्री बनने की तैयारी में हैं, जी हां बिल्कुल ठीक सुना आपने, लेकिन रियल लाइफ में नहीं बल्कि रील लाइफ में। यह तो सभी जानते हैं कि अमर सिंह कई फिल्मी हस्तियों के करीबी रहे हैं जिसके चलते उन्होंने भी एक्टिंग तो सीख ही ली है।दरअसल अमर सिंह को देव आनंद की फिल्म चार्जशीट में गृह मंत्री की भूमिका निभाने का प्रस्ताव मिला और उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए अमर सिंह ने इस बात की पुष्टि की और यह भी बताया कि इस फिल्म की शूटिंग दिल्ली स्थित उनके निवास पर ही होगी।उन्होंने कहा कि जब मेरे पास फिल्म में गृह मंत्री का किरदार निभाने का प्रस्ताव आया तो मैं ठुकरा नहीं सका क्योंकि ये प्रस्ताव देव आनंद की ओर से आया था, जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूँ। हालाँकि उन्होंने फिल्म के बारे में कुछ और नहीं बताया। अमर सिंह पहले भी कई फिल्मों में झलक दिखा चुके हैं लेकिन लेकिन किसी किरदार में नहीं, अमर सिंह के रूप में ही।समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों से नजदीकियों के के कारण पहले ही चर्चित हैं। फिल्मी पार्टियों और समारोहों में उन्हें अक्सर देखा जाता रहा है। अमिताभ बच्चन से उनके रिश्ते तो जगजाहिर हैं।

पाक में 'क्रांति की शुरुआत'

रविवार सुबह से ही पाकिस्तान की राजनीति में उस समय और गरमी बढ़ गई, जब ये ख़बर आई कि नवाज़ शरीफ़ को नज़रबंद कर दिया गया है.हालाँकि पाकिस्तान की सरकार ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया है.बाद में नवाज़ शरीफ़ मीडिया के सामने आए और पत्रकारों को बताया कि सरकार ने उन्हें ग़ैर क़ानूनी रूप से इस्लामाबाद जाने से रोकने की कोशिश की है.नवाज़ शरीफ़ की कथित नज़रबंदी की ख़बर फैलते ही पार्टी समर्थक सड़कों पर आ गए और कई जगह पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई.

मांग:-पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के शासनकाल के दौरान बर्ख़ास्त जजों की बहाली की मांग को लेकर विरोध मार्च का आयोजन किया गया है.


इस्लामाबाद हमारी नियति है. हम इस्लामाबाद के लिए निकल पड़े हैं. आश्चर्यजनक रूप से लोगों का समर्थन मिल रहा है. पाकिस्तान के इतिहास का यह स्वर्ण काल है. ये क्रांति की दस्तक है
नवाज़ शरीफ़

कार्यक्रम ये है कि देश के कई हिस्सों से इस्लामाबाद पहुँचकर प्रदर्शनकारी सोमवार को संसद भवन के बाहर धरना देंगे.लेकिन सरकार इसे रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही है. कई जगह प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की गई है और कई नेताओं को गिरफ़्तार भी किया गया है.पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने नवाज़ शरीफ़ और उनके भाई शाहबाज़ शरीफ़ के किसी भी निर्वाचित पद पर काम करने से रोक लगा दी थी.उसके बाद नवाज़ शरीफ़ ने भी सरकार के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल लिया है और विरोध प्रदर्शन को समर्थन दे रहे हैं.लाहौर से इस्लामाबाद निकलते समय नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि उन्हें इस्लामाबाद जाने से कोई नहीं रोक सकता.

'क्रांति की शुरुआत':-एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा, "इस्लामाबाद हमारी नियति है. हम इस्लामाबाद के लिए निकल पड़े हैं. आश्चर्यजनक रूप से लोगों का समर्थन मिल रहा है. पाकिस्तान के इतिहास का यह स्वर्ण काल है. ये क्रांति की शुरुआत है."



लाहौर में जम कर हिंसा हुई है

अधिकारियों ने लाहौर से इस्लामाबाद जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया है. लेकिन नवाज़ शरीफ़ की पार्टी के कार्यकर्ता अवरोधों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं.लाहौर में कई जगह नवाज़ शरीफ़ समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई है.पुलिस ने उग्र भीड़ पर आँसू गैस के गोले छोड़े, तो लोगों ने पुलिस पर जम कर पथराव किया. कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं.दूसरी ओर राजधानी इस्लामाबाद को भी छावनी में तब्दील कर दिया गया है. यहाँ आने-जाने वाले लोगों पर नज़र रखी जा रही है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है.

Thursday, March 5, 2009

मासूम के बलात्कारी को दस वर्ष की कैद

अमरोहा(ज्योतिबाफूलेनगर):मंडी धनौरा में मासूम के साथ बलात्कार करने के दोषी युवक को अदालत ने दस वर्ष के कठोर कारावास व बीस हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है।काबिलेगौर है कि डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पतेई खालसा का रहने वाला कमल सिंह पु्रत्र मवासी सैनी वर्ष 2000 में मंडी धनौरा के महादेव मुहल्ला निवासी चंद्रपाल सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था। 19 अप्रैल 2000 की शाम मकान मालिक की चार वर्षीय मासूम बेटी को अकेला पाकर किराएदार उसे कमरे में ले गया तथा बलात्कार किया। इस दौरान पीड़िता की मां आ गई। चीख पुकार सुनकर आरोपी भाग निकला। बालिका के पिता की नामजद रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के माध्यम से जेल भेज दिया। मौजूदा समय में भी आरोपी जेल में बंद है।उधर मामला विशेष सत्र न्यायाधीश सतेंद्र सिंह की अदालत में चलता रहा। सोमवार को न्यायाधीश श्री सिंह ने तमाम पहलुओं का अध्ययन किया तथा आरोप सही पाए। उन्होंने दोषी को दस वर्ष के कठोर कारावास व बीस हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई। श्री सिंह ने आदेश दिया कि जुर्माने की आधी रकम पीडि़त पक्ष को दी जाए।