Sunday, September 28, 2008

हवेलियों से भरा-पूरा है शेखावटी

डुंडलोद स्थित गोयनका हवेली खुर्रेदार हवेली के नाम से प्रसिद्ध है। स्थापत्य का अप्रतिम उदाहरण इस हवेली का निर्माण उद्योग कर्मी अर्जन दास गोयनका द्वारा करवाया गया था जो अपने समय के सुविज्ञ और दूरदर्शी थे। व्यापार-व्यवसाय से जुडे होने के बावजूद वे लोक रंग लोकरीति और लोक कलाओं के संरक्षण के प्रबल इच्छुक थे और इसलिए उन्होंने अपनी इस विशालकाय चौक की हवेली के बाहर दो बैठकें, आकर्षक द्वार और भीतर सोलह कक्षों का निर्माण करवाया था जिनके भीतर कोटडियों, दुछत्तियों, खूटियों, कडियों की पर्याप्त व्यवस्था रखी गई थी। उन्हें प्राचीन दुर्लभ ग्रंथों, आकर्षक बर्तनों, खाट-मुढ्ढियां, झाड-फानूस, आदमकद शीशों और औषधियों के लिए सुंदर बोतलों को एकत्रित करने का शहंशाही शौक था। उनके वंशज मोहन गोयनका ने सन् 1950 में हवेली के कुछ कमरे खोल कर देखे थे जिन्हें 2004 में फिर से खोल दिया गया है। भीतर से पूरी तरह चित्रांकित इस हवेली को नया रूप देने का कार्य 2000 में ही शुरू कर दिया था। उन्होंने यह सोचते हुए कि शेखावटी में कलात्मक और दुर्लभ वस्तुओं के प्रदर्शन का कोई संग्रहालय नहीं है, इस हवेली को एक अतुलनीय संग्रहालय बनाने का निर्णय लिया। इस घुमावदार खुर्रे की हवेली का भीतरी हिस्सा लोक चित्रों से भरा पूरा है जिनमें श्रीकृष्णकालीन लीलाओं के चित्रों की बहुतायत है। फतेहपुर में नंदलाल डेबडा की हवेली, कन्हैयालाल गोयनका की हवेली, नेमी चंद चौधरी की हवेली और सिंघानियों की हवेली ऐसी इमारतें है जिन्हें देखना पर्यटक पसंद करते हैं। महनसर में सेजराम पोद्दार की हवेली की सोने-चांदी की दुकान, पोद्दारों की छतरियां और गढ भव्य इमारतें हैं तो बिसाऊ में सीताराम सिगतिया की हवेली और पोद्दारों की हवेली का कोई जवाब नहीं है। रामगढ शेखावाटी में राम गोपाल पोद्दार की छतरी में राम कालीन कथा चित्रांकित है, घनश्याम दास पोद्दार की हवेली आकर्षक और कलात्मक है तो ताराचंद रूइया और रामनारायण खेमका हवेली के अपने आकर्षण हैं। झुंझुनूं में टीबडे वालों की हवेली और ईसरदास मोदी की सैकडों खिडकियों वाली भव्य हवेलियां हैं। मंडावा में सागरमल लडिया की हवेली, रामदेव चौखानी की हवेली मोहनलाल नेवटिया की हवेली रामनाथ गोयनका की हवेली हरी प्रसाद ढेंढारिया की हवेली ओर बुधमल मोहनलाल की भी दर्शनीय है। चूडी में शिवप्रसाद नेमाणी की हवेली भी कलात्मकता का परिचय देती है जहां शिवालय की छतरी में श्रीकृष्ण कालीन रासलीलाएं संगमरमरी पत्थरों पर अंकित हैं। चूरू में भी मालजी का कमरा, सुराणों का हवामहल, रामविलास गोयनका की हवेली, मंत्रियों की बडी हवेली और कन्हैयालाल बागला की हवेली दर्शनीय है।

सीवर पाइप में रुक सकता है भला कोई

ठहरने-घूमने की अजीबोगरीब जगहों की कडी में इस बार हम जिस जगह का जिक्र कर रहे हैं, वह वाकई कुछ ज्यादा ही अजीब है। उसक बारे में जानकर कुछ लोग नाक-भौं भी सिकोड सकते हैं। आखिर, जिराफ के घर से लेकर कंदराओं और समुद्र की गहराइयों के बाद अगर हम आपसे एक मोटी सी सीवर पाइपलाइन में रुकने को कहें तो अजीब लगेगा ही। आप ये भी कह सकते हैं कि- यह भी कोई रुकने की जगह हुई? लेकिन जनाब, यह वाकई रुकने की जगह है। यूरोप में ऑस्ट्रिया के लिंज शहर में डेन्यूब नदी के किनारे स्थित दास पार्क होटल पुराने सीवर पाइपों में है। निश्चिंत रहें, इन पाइपों का इस्तेमाल अब सीवर के लिए नहीं होता। लेकिन ये वाकई एक जमाने के सीवर पाइप हैं जो अब कमरों की शक्ल ले चुके हैं। चूंकि छोटे-छोटे पाइप हैं, इसलिए बडी होटलों के शानदार स्वीट की सहूलियतें तो यहां नहीं मिल पाएंगी। लेकिन ये रुकने की बुनियादी जरूरतें जरूर पूरी करते हैं। अगर इन्हें कमरा कहा जाए तो इन कमरों में डबल बेड है, सामान रखने की जगह है, बिजली है, ऊनी कंबल हैं और सूती स्लीपिंग बैग। सीवर पाइप यानी कमरे में बस इतना ही है, बाकी सहूलियतें-जैसे कि टॉयलेट, शॉवर, मिनी बार, कैफेटेरिया वगैरह उस सार्वजनिक परिसर में हैं जिसमें दास पार्क स्थित है। जब भी उनका इस्तेमाल करना हो, कमरे से बाहर जाकर करें। होटल में ऐसे तीन पाइप यानी कमरे हैं। आर्टिस्ट एंड्रियाज स्ट्रॉस ने साधारणता और रिसाइक्लिंग की अनूठी कवायद के तौर पर इस होटल को डिजाइन किया था। उन्होंने दस टन वजनी और साढे छह फुट व्यास वाले तीन मजबूत पाइपों को लिया। उनकी लंबाई इतनी थी कि उनमें एक डबल बेड समा सके। स्ट्रॉस ने पाइप में आसमानी रोशनी के लिए छेद किए। एक सिरा बंद करके दूसरे सिरे पर दरवाजे और इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगाए। पाइप की पिछली दीवार को सुंदर कलाकृति की शक्ल दी, बेड व जरूरी सामान जुटाए और तीनों कमरों को डेन्यूब नदी के किनारे घास के मैदान में सजाकर रख दिया। लो हो गई होटल तैयार। इस होटल की एक और अनूठी बात है- यहां ठहरने का कोई किराया नहीं है। होटल की बुकिंग इंटरनेट पर होती है। उपलब्धता के आधार पर मांगी गई तारीखों की बुकिंग मिलती है। एक बार आपकी बुकिंग तय हो जाए तो फिर ई-मेल से ही आपको एक सिक्योरिटी कोड भेज दिया जाता है। यह सिक्योरिटी कोड आपके वहां पहुंचने के दिन दोपहर बाद तीन बजे से वापसी के दिन दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहता है। आप जाएं और कमरे के बाहर लगे इलेक्ट्रॉनिक ताले को सिक्योरिटी कोड से खोल लें। बाहर आते-जाते उसी कोड का इस्तेमाल करें। कमरे का किराया नहीं है, लेकिन आप अपनी इच्छा से जो चाहें राशि यूरो मुद्रा में छोड सकते हैं जिसके जरिये आप संचालकों की मदद करना चाहते हों। यह होटल केवल मई से अक्टूबर तक खुला होता है। बाकी समय यूरोप में कडाके की सर्दियों का होता है, इसलिए सीमेंट व कंक्रीट के पाइप में बगैर गरम होने के किसी इंतजाम के, रुकना मुमकिन नहीं। इसलिए अगर ऑस्ट्रिया जा रहे हैं जो वहां के तीसरे सबसे बडे शहर लिंज में इस अनूठी होटल का अनुभव जरूर लें। याद रहे, लिंज ऐतिहासिक व सांस्कृतिक रूप से काफी समृद्ध शहर है। दास पार्क होटल में ठहरने का अनुभव भव्य नहीं लेकिन यादगार जरूर हो सकता है।

बेटे की तरह बनी मां-बाप का सहारा

बेटियां अब बोझ नहीं रही बल्कि बदलते वक्त ने उन्हें पुरुषों के बराबर ला खड़ा किया है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है गांव वाहला की लड़की बलवीर कौर ने। सुबह चार बजे ही पशुओं को दोह कर, पशुओं को चारा डालने से लेकर झाडू़ पोचा तक का सारा काम करने के बाद दिन भर खेतीबाड़ी का सारा काम खुद संभालती है। लड़की होने के बावजूद ट्रैक्टर चलाने में अच्छे-अच्छों को मात दे देती है। ट्रैक्टर से खुद खेत जोतना, खेत में बाट बटाना, नालियां बनाना, खेतों को पानी लगाना और खाद छिड़कना आदि उसके लिए घरेलू काम जैसा है। बलबीर कौर की जिंदगी उन लोगों की सोच पर गहरा कुठाराघात है जो सोचते हैं कि केवल लड़के ही माता-पिता का सहारा बनते हैं। एक बेटे की तरह बलबीर अपने माता-पिता का सहारा बनी हुई है। बेटे की तरफ खेतीबाड़ी कर घर परिवार संभाल उसने सिद्ध कर दिया है कि लड़कियों, लड़कों से किसी भी सूरत में कम नहीं है। खेतीबाड़ी करने के साथ-साथ वह पशु पालन विभाग से सिखलाई भी प्राप्त कर रही है। बेटे का फर्ज निभा रही बलबीर को गांव की बेटी का दर्जा भी मिला है। गांव वाहला का दौरा किया गया तो बलबीर कौर अपने खेतों में ट्रैक्टर से खेत जोत रही थी। बलबीर कौर ने बताया कि वह दसवीं कक्षा पास है। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन के अलावा एक बड़ा भाई है और वह घर में सबसे छोटी है। उसकी बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। जबकि उसका भाई अपने परिवार के साथ अलग रह रहा है। बलबीर कौर ने बताया कि घर की वित्तीय हालत ठीक न होने के कारण और भाई की तरफ से काम में सहयोग न देने के कारण बुजुर्ग पिता को खेतों में कठिन मेहनत करती देखती थी तो दिल भर आता था। जब वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी तब अपने पिता के खेतीबाड़ी के कार्यो में हाथ बंटाना शुरू कर दिया। उसका पिता घर की आर्थिक हालत को सुधारने के लिए शहर में अकसर दूध देने जाया करता था। ऐसे में खेती का काम देखने के लिए कोई नहीं होता था। जिस कारण वह धीरे-धीरे खेती कार्यो में उसकी रुचि बढ़ती गई। दसवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने पक्के तौर पर खेतीबाड़ी के धंधे को अपना लिया। उसने बताया कि दूसरी लड़कियों को देखते कभी भी उसके मन में हार शिंगार करने का ख्याल नहीं आया है। उसने बताया कि कृषि से संबंधित हर छोटे से छोटे काम करने में उसको कोई परेशानी नहीं आती है। उसने बताया कि धान की खेती में बढ़ोतरी करने के लिए उसने आत्मा के डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर डाक्टर अमरीक सिंह से धान की नई तकनीक एसआरआई की तकनीक की जानकारी हासिल कर रही है। उसके अतिरिक्त सहायक धंधे के तौर पर डेयरी फार्मिग का धंधा शुरू करने के लिए डेयरी फार्मिग की सिखलाई लेनी शुरू की है। उसके पिता अजीत सिंह ने बताया कि बलबीर कौर ने खेती का काम इस तरह अच्छे तरीके से संभाला हुआ है कि कभी पुत्र के अलग रहने की कमी महसूस नहीं हुई। उसने कहा कि यदि वह कहीं बाहर जाता है तो उसे उसके बाद किसी काम की फिक्र नहीं होती। उसने बड़े गर्व से कहा कि बलबीर कौर जैसी लड़कियां हो तो बेटों से क्या लेना। लोग तो ऐसे ही बेटों की इच्छा में पागल हुए फिरते है। बलवीर कौर की मां भजन कौर ने बताया कि उसी बेटी ने कभी भी आम लड़कियों की तरह अच्छे कपड़े, गहने या कोई और वस्तु की मांग नहीं की। घर में जो भी रुखा-सूखा बना होता है चुपचाप खा लेती है। बेटी को कठिन मेहनत करते देख उसका दिल रो पड़ता है। परमात्मा से एक ही अरदास करती है कि उसको आगे अच्छा ससुराल परिवार मिले। उनकी आस है कि कोई सरकारी नौकरी पेशे वाला लड़का मिल जाए ताकि आगे जाकर खेतीबाड़ी के धंधे से राहत मिल सके। इस मौके पर सरपंच सुरजीत कौर के बडे़ लड़के तरसेम सिंह ने बताया कि शुरू-शुरू में गांव के लोगों की तरफ से उनको बलबीर कौर को खेतीबाड़ी के धंधे से हटाने के लिए दबाव डाला जाता रहा है परंतु आज पूरे गांव वाले बलबीर कौर पर मान महसूस करते हुए गांव की बेटी का दर्जा देते हैं।

Saturday, September 27, 2008

सीरिया में बम विस्फोट, 17 की मौत

सीरिया की राजधानी दमिश्क में एक कार बम विस्फोट हुआ है जिसमें सरकारी टेलीविज़न पर प्रसारित ख़बरों के अनुसार कम से कम 17 लोग मारे गए हैं और अनेक घायल हुए हैं.:>ख़बरों के अनुसार इस बम विस्फोट में कम से कम 14 लोग ज़ख़्मी हुए हैं और वे सभी आम लोग बताए गए हैं.सीरिया के सूचना मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बीबीसी से बातचीत में हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है.घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि सुरक्षा बलों ने इलाक़े की घेराबंदी कर दी है.जिस इलाक़े में यह बम विस्फोट हुआ है उसके पास ही एक शिया दरगाह है जो स्थानीय लोगों में ख़ासी लोकप्रिय है और पास में ही एक सुरक्षा चौकी भी है.सीरिया के दुनिया टेलीविज़न ने कहा है कि जिस कार के ज़रिए यह विस्फोट किया गया है उसमें लगभग 200 किलोग्राम विस्फोट सामग्री भरी हुई थी.सूचना मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया है कि सरकारी अधिकारियों ने इस बम विस्फोट की जाँच शुरू कर दी है.सीरिया में कार बम के ज़रिए इस तरह के विस्फोट आम घटना नहीं हैं क्योंकि वहाँ सत्तारूढ़ पार्टी का काफ़ी दबदबा और नियंत्रण है.फ़रवरी 2008 में एक भीषण कार बम धमाका हुआ था जिसमें हिज़बुल्लाह संगठन के एक वरिष्ठ नेता की मौत हो गई थी.ऐसा माना जाता है कि उसके बाद से कार बम विस्फोट की यह शायद पहली घटना है.अगस्त 2008 में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद सुलेमान की बंदरगाह शहर तारतूस के निकट एक पर्यटक स्थल पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद सुलेमान को राष्ट्रपति बशर अल असद का नज़दीकी कहा जाता था.ब्रिगेडियर जनरल सुलेमान पर संवेदनशील सुरक्षा मुद्दों की ज़िम्मेदारी थी और उन्हें सीरिया की परमाणु गतिविधियों पर संयुक्त राष्ट्र जाँच के लिए देश का प्रमुख मध्यस्थ कहा जाता था.अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष मोहम्मद अल बारादेई ने गत शुक्रवार को कहा था कि ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद सुलेमान की मौत से संयुक्त राष्ट्र की इस जाँच में देरी हो सकती है.

आयातित दूध पर सरकार सांसत में

चीन में बच्चों के दूध में बेहद खतरनाक तत्वों के मिले होने की खबर पर अब जाकर भारत सरकार जागी है। सरकारी महकमों में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया था जब यह पता चला कि चीन से इस वर्ष लगभग 10 हजार टन डिब्बाबंद दूध का आयात हो चुका है।

आनन-फानन में बुधवार देर रात चीन से दूध और दुग्ध उत्पादों के आयात पर अगले तीन महीनों के लिए पाबंदी भी लगा दी गई। अब यह जांच-पड़ताल शुरू की गई है कि चीन में कई बच्चों को मौत की नींद सुलाने वाला मिलावटी दूध कहीं भारत भी तो नहीं पहुंच गया है। इसके लिए चीन से दूध आयात करने वाली कंपनियों का पता लगाया जा रहा है। यह छानबीन भी शुरू की गई है कि आयातित दूध का इस्तेमाल किस प्रकार किया गया है।सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार की नींद विश्व स्वास्थ्य संगठन की उस सलाह के बाद खुली है जिसमें चीन के पड़ोसी देशों को सतर्क किया गया था। इसके बाद मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद डीजीएफटी से संबंधित आंकड़े मंगवाने पर यह साफ हुआ कि चीन से लगभग 10 हजार टन डिब्बाबंद दूध चालू वित्त वर्ष के दौरान आयात किया गया है। अब सरकारी महकमा यह तलाशने में जुटा है कि किन कंपनियों ने इसका आयात किया है।डीजीएफटी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम अभी यह पता लगा रहे हैं कि चीन की जिन 22 कंपनियों के दूध में खतरनाक तत्व मिले हैं कहीं उन्होंने अपने उत्पाद का निर्यात भारत में तो नहीं किया है। इसके लिए बैच नंबर का मिलान किया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किस तरह का दूध भारत लाया गया है। हालांकि यह साफ है कि ये दूध बच्चों के पीने से संबंधित नहीं है क्योंकि इन्हें सह-उत्पाद के तौर पर आयात किया गया है। इसके बावजूद सरकार कोई जोखिम उठाना नहीं चाहती है। इसलिए अगर इस आयातित दूध से कोई अन्य खाद्य उत्पाद तैयार किए गए हैं तो उनकी भी जांच की जाएगी।

डीजीएफटी के मुताबिक हाल के वर्षो में चीन से दूध आयात काफी बढ़ गया है। मुख्य कारण यह है कि यूरोपीय संघ सहित कई विकसित देशों में भारतीय दूध की गुणवत्ता को काफी अच्छा माना जाता है। इसका फायदा उठाने के लिए कई कंपनियां चीन से सस्ता दूध आयात कर उसे भारतीय प्रयोगशालाओं में जांच करवाने के बाद प्रसंस्कृत (प्रोसेसिंग) कर या अन्य दुग्ध उत्पाद में तब्दील कर निर्यात कर देती हैं। पिछले वर्ष चीन से 17 हजार टन दूध का आयात किया गया था। शिशुओं को दिए जाने वाले दुध का आयात भारत चीन से नहीं करता है।मालूम हो कि मिलावटी डिब्बाबंद दूध पीने से चीन में हजारों बच्चे बीमार पड़ गए हैं। इनमें से कुछ की मौत भी हो गई है। इसके बाद अधिकांश एशियाई देशों ने चीन से दूध आयात पर पाबंदी लगा दी है। चीन हाल के वर्षो में एक बड़ा दूध निर्यातक देश बनकर उभरा है। चीन में शिशुओं के लिए दूध बनाने वाली 22 कंपनियों के उत्पाद में मेलामाइन नामक खतरनाक औद्योगिक रसायन पाया गया है। फिलीपींस,मलेशिया में चीन से आयातित दूध बेचने पर दुकानदारों को जेल भेजने और उनका लाइसेंस रद करने जैसे कठोर कदम उठाए गए हैं।

Friday, September 26, 2008

कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार फरवरी में लोकसभा चुनाव की तरफ बढ़ रही है। भाजपा, वामपंथी दलों और बसपा के तीखे तेवरों और सहयोगी सपा के बदले अंदाज से कांग्रेस अक्टूबर में बुलाए गए सत्र के दौरान ही लोकसभा भंग कर नए चुनावों की घोषणा करने पर गंभीरता से मंथन कर रही है। अगर किसी तरह यह संसद सत्र चलाने में सरकार सफल भी रही तो दिसंबर में चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद भी सरकार लोकसभा चुनावों की घोषणा के लिए तैयार है।कांग्रेस व सरकार के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के विदेश यात्रा से वापस आने तक कांग्रेस के रणनीतिकार पूरी योजना तैयार कर लेंगे। प्रधानमंत्री से विमर्श करने के बाद फाल्गुन से पहले यानी फरवरी तक चुनाव कराने की योजना पर मुहर लगा दी जाएगी। दरअसल, 17 अक्टूबर से प्रस्तावित संसद सत्र को लेकर कांग्रेस व सरकार के रणनीतिकार सांसत में हैं। आंतरिक सुरक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा सान चढ़ा ही रही है। चार साल तक सरकार को बाहर से समर्थन देते रहे वामपंथी दल भी घायल शेर की तरह कांग्रेस से हिसाब चुकता करने को मचल रहे हैं। चिर प्रतिद्वंदी सपा के साथ गई कांग्रेस से बसपा तो खार खाए बैठे ही है। ईसाइयों पर हमले, महंगाई व विदेश नीति जैसे मोर्चो पर अपने इन पूर्व सहयोगियों से निपटना संप्रग के लिए मुश्किल होगा।सरकार के लिए इससे भी ज्यादा दिक्कत समाजवादी पार्टी के बदले अंदाज से हुई है। जिस तरह से सपा ने केंद्र व कांग्रेस पर हमला बोला है, उसके बाद सरकार अपने नए 'संकटमोचक सहयोगी' को लेकर भी सशंकित है। इस सत्र में वैसे भी सरकार के पास कोई खास काम नहीं है। भू-अधिग्रहण संशोधन जैसा संविधान संशोधन विधेयक जरूर एजेंडे पर है। इसका पारित न होना सरकार को मुश्किल में डाल सकता है।

उधर, राज्यसभा में तो भाजपा, वामपंथी दल, बसपा व दूसरे पाले में खड़ी पार्टियों के समक्ष कांग्रेस ही नहीं, बल्कि पूरा संप्रग अल्पमत में है।सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पार्टी व सरकार के शीर्ष नेताओं के साथ इन हालात पर विषद मंत्रणा हो चुकी है। कांग्रेस अक्टूबर वाला सत्र ज्यादा हंगामी होने पर लोकसभा भंग करने के लिए तैयार है। इन हालात में चुनाव आयोग को तैयारियों के लिए तीन माह चाहिए होंगे। इस तरह फरवरी तक सरकार खिंच जाएगी। वैसे भी कांग्रेस चाहती है कि यह संसद का आखिरी सत्र हो। अगर मई में चुनाव होते हैं तो उसे लेखानुदान लाना पड़ेगा। इससे वह बचना चाहती है।दूसरी परिस्थिति में अगर सत्र चल भी जाए तो मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू कश्मीर विधानसभाओं के चुनाव होने के बाद दिसंबर में लोकसभा भंग कर दिए जाने का विकल्प है। इसके बाद भी फरवरी तक चुनाव हो जाएंगे। दरअसल, कांग्रेस के रणनीतिकार मान रहे हैं कि तब तक परमाणु करार को मुकाम तक पहुंचाने का तमगा सरकार के पास होगा। इधर विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मध्य प्रदेश व राजस्थान से अच्छी खबर की आशा है, जो लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी व गठबंधन का उत्साह बढ़ाएगी।

Thursday, September 25, 2008

खैरलांजी हत्याकांड में छह को फांसी

खैरलांजी गांव के भैयालाल भोतमांगे दो साल बाद इंसाफ पाकर खुश हैं। भैयालाल के परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। परिवार में वह अकेले बच गए थे। इस हत्याकांड में बुधवार को भंडारा की सत्र अदालत का फैसला आया। अदालत ने छह लोगों को सजा-ए-मौत सुनाई, जबकि दो को उम्रकैद की सजा दी।सीबीआई ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ आरोप तय किया था। 15 सितंबर को जज एसएस दास ने तीन आरोपियों को सुबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। हालांकि इन्हें बरी किए जाने के फैसले का दलित संगठनों ने विरोध किया था और इन पर लगे आरोपों की दोबारा जांच कराए जाने की मांग की थी। लेकिन बुधवार को अदालत द्वारा दोषियों को सजा सुनाए जाने के बाद भैयालाल भोतमांगे ने कहा कि वह फैसले से संतुष्ट हैं।मामला 29 सितंबर, 2006 का है। उस दिन खैरलांजी गांव में भूमि विवाद के चलते एक दलित परिवार के चार सदस्यों - सुरेखा भोतमांगे [45], बेटी प्रियंका [18] और बेटों-रोशन [23] व सुधीर [21] की हत्या कर दी गई थी। यह मामला खैरलांजी हत्याकांड के नाम से चर्चित हुआ था। इस नृशंस हत्याकांड के बाद पूरे महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन हुए थे। भंडारा पुलिस ने हत्या के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।न्यायाधीश दास ने शत्रुघ्न धांडे, विश्वनाथ धांडे, प्रभाकर मांडलेकर, जगदीश मांडलेकर, राम धांडे और सकरू बेंजेवार को फांसी की सजा सुनाई, जबकि गोपाल बेंजेवार और धर्मपाल धांडे को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।बचाव पक्ष के वकील का कहना है कि वे फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करेंगे। सीबीआई के वकील उज्जवल निकम ने फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज के फैसले से साबित हो गया कि अदालत ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी सजा सुनाती है।